पानीपत। सिविल अस्पताल के प्रांगण में निजी एंबुलेंस खड़ी करने पर रोक लगा दी गई है। अस्पताल में एंबुलेंस खड़े करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में निजी एंबुलेंस चालकों को लिखित में सूचना दे दी गई है। अस्पताल में पार्किंग से बाहर वाहन खड़ा करने वाले डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग यह कदम उठाकर निजी एंबुलेंस चालकों की मरीजों से लूट पर अंकुश लगाना चाहता है। सिविल अस्पताल में जन सेवा दल की चार और कृष्णा सेवा समिति की तीन व अन्य 11 एंबुलेंस खड़ी होती है। ये सिविल अस्पताल से मरीजों को मनमर्जी के पैसे वसूल करते हैं। सिविल अस्पताल के एंबुलेंस विभाग पर भी निजी एंबुलेंस चालकों के साथ मिलीभगत के आरोप हैं। आरोप है कि एंबुलेंस विभाग के कर्मचारी ही मरीजों को निजी एंबुलेंस चालकों के पास भेजते हैं।
सिविल अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. अमित पोरिया ने कहा कि निजी एंबुलेंस को अस्पताल के परिसर में खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। उनको नोटिस दे दिया गया है। सभी डॉक्टरों को पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए भी नोटिस दिया जाएगा।