पानीपत। सेक्टर-11 स्थित सीए के मकान से दो महिलाएं साढ़े सात लाख रुपये नकद और करीब साढ़े 17 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गई। महिलाओं ने पहले दिन रेकी की और दूसरे दिन वारदात अंजाम दीं। सोमवार को सीए का बेटा लॉकर में पर्स रखने गया तो चोरी का खुलासा हुआ। सीए के अनुसार उन्होंने महिलाओं से जांच के लिए दस्तावेज मांगे थे, लेकिन वह टाल-मटोल करती रहीं। चांदनीबाग थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर-11 निवासी रमेश कुमार रहेजा ने बताया कि वह आयकर सलाहकार है। उसका बेटा जतिन रहेजा वकील और सीए है। घर के सामने ही ऑफिस है। 11 जून को दो महिला उनके घर काम मांगने के लिए आईं । एक महिला ने अपना नाम कमला बताया और दूसरी ने पीहू, जो कि खुद को कमला की बेटी बता रही थी। वेरिफिकेशन के लिए आधार कार्ड घर भूल जाने की बात कहकर दोनों ने काम किया और दोपहर को चली गईं। रविवार को दोबारा आईं। फिर आधार कार्ड मांगने पर सोमवार को देने के लिए कहा। रविवार को बिना बताए दोनों चली गईं। सोमवार को दोनों काम पर नहीं लौटीं। बेटा जतिन अलमारी में पर्स और कैश रखने गया तो लॉकर खुला मिला। जेवरात और नकदी चोरी मिली।
रमेश ने बताया कि कमला ने दस्तावेज नहीं दिखाए तो उन्होंने फोन पर दोनों के फोटों खींच लिए थे और डायरी में उनका पता पुरानी सब्जी मंडी, नजदीक शिव मंदिर लिख लिया था। चोरी के बाद वह बताए गए पते पर गए और फोन में खींची गई फोटो दिखाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन पता फर्जी मिला।
बाक्स
घर से करीब 35 तोले सोना गया चोरी
जतिन ने बताया कि 10 तोले के चार सोने के कड़े, 12 तोले सोने की आठ चूड़ी, डायमंड ब्रेसलेट, पांच तोले सोने की दो चेन, 3.2 ग्राम सोने की चार अंगूठी, तीन तोले सोने की दो अंगूठी, पत्नी का सोने और डायमंड का नेकलेस सेट जेवरात चोरी मिले।
बाक्स
शनिवार को रेकी, रविवार को वारदात दी अंजाम
जतिन ने बताया कि रविवार को कमला और उसकी बेटी कहने वाली पीहू दोनों काम कर रही थीं। मां अंदर बाथरूम में थी। कमला ने पीहू को कहा कि छत पर मालकिन बुला रही है, जा चली जा। ऐसा कहकर पीहू छत पर चली गई और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गईं। उन्होंने शनिवार को रेकी की और रविवार को वारदात को अंजाम दिया।
-
वर्जन
सीए की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, चोरी से परिवार को करीब 25 लाख का नुकसान हुआ है। एफएसएल की टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया है, सीसीटीवी फुटेज को निकलवाया जा रहा है, दोनों की तलाश में टीम छापामारी कर रही है, जल्द ही दोनों को काबू कर लिया जाएगा।
- महिपाल सिंह, इंस्पेक्टर, चांदनीबाग थाना प्रभारी