पानीपत। जिला जेल में मंगलवार को एक बंदी की मौत हो गई। आरोपी एक नाबालिग के साथ दुराचार के बाद हत्या के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल में था। आरोपी की कुछ दिन पहले ही पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से मामले में जमानत याचिका भी खारिज हो गई थी। पुलिस मजिस्ट्रेट जांच के बाद बुधवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम कराएगी। आरोपी मूल रूप से यूपी के हरदोई का रहने वाला था और अब पानीपत के विकास नगर में रहता था।
उल्लेखनीय है कि गत 15 सितंबर को सेक्टर-25 पार्ट 2 स्थित एक फैक्ट्री में काम पर आई 15 साल की नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। चाचा ने थाना चांदनी बाग को शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो परिजनों ने तत्कालीन गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत भेजकर गुहार लगाई थी। गृहमंत्री के आदेश पर मामले की जांच सीआईए वन पुलिस को सौंपी गई थी। सीआईए वन टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज देखी तो किशोरी बाहर निकलती नहीं दिखी और पुलिस ने विकास नगर निवासी ठेकेदार कुलदीप से सख्ती से पूछताछ की तो उसने दुष्कर्म के बाद सिर, मुंह और अन्य अंगों पर ईंट से चोट मारकर हत्या करने के बारे में कबूला था। 55 दिन बाद नाबालिग का शव फैक्टरी में ही तीसरी मंजिल पर छत पर कूड़े से बरामद किया गया था। आरोपी कुलदीप नवंबर 2023 से पसीना रोड स्थित जिला जेल में बंद था।
वर्जन
जिला जेल में बंदी विकास नगर निवासी कुलदीप की मौत होने की सूचना मिली। उसके पेट में दर्द होना बताया गया। उस पर थाना चांदनी बाग एरिया स्थित एक फैक्ट्री में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप था। बुधवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय।