पानीपत। एडमिशन का पोर्टल खुलने के बाद आर्य कॉलेज पानीपत में रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए लगी हुई वि?
- फोटो : Panipat
कॉलेजों में यूजी कक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि आवेदन प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू होनी थी, लेकिन दो दिन पोर्टल ठप होने से विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए। इससे विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं, बुधवार को पोर्टल खुलने पर आवेदन करने के लिए कॉलेजों में विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। विद्यार्थियों में आवेदन के लिए उत्साह बना हुआ था। विभिन्न कॉलेजों में आवेदन के लिए विद्यार्थियों की भीड़ रही, मानो सभी विद्यार्थी आज ही आवेदन करने को आतुर हों। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कॉलेज प्रबंधन को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, कॉलेज प्रबंधन द्वारा कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करवाने के प्रयास किए गए।
सूत्रों की मानें तो बुधवार को पोर्टल खुलने के बाद करीब 1800 विद्यार्थियों ने यूजी में एडमिशन के लिए आवेदन किया है। वहीं, कॉलेज में बनाए गए हेल्प डेस्क पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया।
आवेदन प्रक्रिया के तीसरे दिन बुधवार को पोर्टल खुलने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। तीसरे दिन आवेदन के लिए विद्यार्थियों की कॉलेज में भीड़ रही। हालांकि कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरा पालन किया गया। संभावना है कि आगामी दिनों आवेदन प्रक्रिया सुचारू जारी रहेगी।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।