पानीपत। तहसील कैंप थाना क्षेत्र की जसबीर कॉलोनी में रविवार रात को पेंचकस मारकर राकेश की हत्या करने के आरोपी अमन को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सीआईए-1 की टीम ने आरोपी को सोमवार शाम को बरसत रोड नाले के पास से गिरफ्तार किया था। जिसे मंगलवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया था।
रविवार को जसबीर कॉलोनी के शिव कुमार ने थाना तहसील कैंप थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि कॉलोनी के अमन ने रविवार दिन में उनकी पत्नी पर अश्लील फब्तियां कसी थी। जिसका विरोध करने पर उसने उसके पैर पर ईंट मार दी थी। शाम को आरोपी उनके घर पहुंचा और माफी मांगने लगा। इसी बीच उनके चाचा राकेश भी वहां आए गए। राकेश ने अमन को वहां से जाने को कहा तो उसने गाली गलौज शुरू कर दी। जिस पर अमन ने पेंचकस मारकर उसकी हत्या कर दी थी। सोमवार शाम को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। साथ ही घटना स्थल की निशानदेही कराई गई। बुधवार को रिमांड का समय पूरा होने पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सीआईए-1 प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।