ड्यूटी पर तैनात ईएचसी पर ट्रक चढ़ाकर जान से मारने के मामले में पुलिस ने तीन माह बाद केस दर्ज किया है। पीड़ित ईएचसी सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराने के लिए सात बार थाने और आधा दर्जन बार एसपी कार्यालय के चक्कर लगाए। लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अब शुक्रवार को मामले में केस दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि 26 जून को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की पानीपत से वीआईपी क्रॉसिंग थी। इसके लिए ईएचसी सुनील कुमार की ड्यूटी लगाई गई थी। वह ट्रैफिक राइडर 15 पर ड्यूटी के दौरान राधा स्वामी आश्रम कट के पास तैनात था। इसी बीच एक ट्रक चालक आया तो उन्होंने उसे साइड में लगाने के लिए इशारा किया, लेकिन आरोपी ट्रक चालक बैक कर भागने लगा। उन्होंने टोल प्लाजा पर भी आरोपी ट्रक चालक को रोकने का इशारा किया, लेकिन इस बार आरोपी ट्रक चालक ने उसपर ट्रक चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई। आरोपी ट्रक चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। पीड़ित ने बताया था कि उन्होंने मेडिकल कराकर सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।