हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार जोर पकड़ने लगा है। बुधवार से पार्टियों के स्टार प्रचारकों में युद्ध शुरू होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोहाना में जन आशीर्वाद रैली कर जाट लैंड में हुंकार भरेंगे और इस क्षेत्र की 22 विधानसभा सीटों के मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे।
राहुल गांधी 26 सितंबर को हरियाणा में प्रचार के लिए आ रहे हैं। सबसे पहले वे असंध की अनाजमंडी में रैली को संबोधित करेंगे। असंध से शमशेर सिंह गोगी विधायक हैं और कुमारी सैलजा के समर्थक हैं। रैली में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला मंच साझा करेंगे। लंबे अरसे के बाद यह पहला मौका है जब हरियाणा के दिग्गज राहुल गांधी के साथ एक मंच पर दिखेंगे। इससे पहले, सभी नेता राहुल गांधी की जनवरी 2023 की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पानीपत में एकजुट हुए थे। असंध में करनाल जिले के साथ-साथ आसपास की दर्जनभर सीटों के प्रत्याशियों को बुलाया जाएगा। असंध के बाद राहुल गांधी हिसार के बरवाला में प्रत्याशी रामनिवास घोड़ेला के समर्थन में रैली करेंगे। यहां पर भी हिसार की सभी सात सीटों के प्रत्याशियों के साथ-साथ बरवाला के साथ लगते अन्य हलकों के प्रत्याशियों को भी मंच पर बुलाया जाएगा।
दलितों को साधने में कोई भी दल कसर नहीं छोड़ रहा है। अब बसपा सुप्रीमो हरियाणा में रैलियां करेंगी। इनेलो के साथ गठबंधन होने के चलते मायावती हरियाणा में कई रैलियां करेंगी। दलित मतदाताओं को लामबंद करने के लिए मायावती 27 सितंबर को फरीदाबाद की पृथला सीट पर और 30 सितंबर को करनाल की असंध और यमुनागर की छछरौली सीट पर प्रचार करेंगी।