पानीपत। सेक्टरों में मूलभूत सुविधाएं न मिलने से परेशान सेक्टर वासियों की एक बैठक हरियाणा स्टेट हुड्डा सेक्टर कनफेडरेशन के तत्वावधान में सेक्टर सात में हुई। इसमें सेक्टर 7, 8, 40 और 24 के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी शामिल हुए। पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार और विभाग ने आचार संहिता के चलते बिल्डरों के दबाव में आकर सेक्टरों में फिर चार-पांच मंजिला भवन बनाने की इजाजत दे दी है। इससे सरकार ने प्रदेश की 268 आरडब्लयूए की सरेआम अनदेखी की है। इससे प्रदेश के सेक्टर वासियों का जीवन अस्त व्यस्त होगा। सभी ने एक स्वर में कहा कि 27 सितंबर को सभी सेक्टर वासी एचएसवीपी कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन करेंगे।
इस बैठक की अध्यक्षता रामपत नैन ने की और संचालन सेक्टर प्रधान मास्टर रणधीर ने किया। इस दौरान संयोजक बलजीत सिंह ने बताया कि 7-8 सालों से विभाग के अधिकारियों को सेक्टर की सुविधा में मिलने वाले अवगत कराया गया। विधायक, डीसी, प्रशासक पंचकूला को भी ज्ञापन दिए गए लेकिन मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई। जब वे सरकार और विभाग को हर तरह के विकास शुल्क दे रहे हैं तो मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही। इन कामों के टेंडर लगाकर वर्क ऑर्डर जारी किए जाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि सेक्टरों में निकासी की समस्या है। सीवर लाइन ठप पड़ी हैं। सड़कों पर गंदा पानी बहता है। बारिश के समय सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। सड़कों के साथ घास पटेरा खड़ा है। सेक्टरों की सडकों की सफाई तक नहीं होती। बिजली सप्लाई में भी बार-बार कट लगते हैं। सेक्टरों की सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। इस मौके पर रामपत नैन, मास्टर रणधीर सिंह, धर्मेंद्र अहलावत, दीनानाथ गुप्ता, सत्यपाल सिंह, जेएन गुलाटी, एसपी गौतम और अशोक नारंग आदि मौजूद रहे