हनुमान कॉलोनी में स्थानीय लोगों ने मिलकर नंदी लेकर भिक्षा मांग रहे एक विशेष समुदाय के युवक की धुनाई कर दी। आरोप है कि युवक उनके घरों में ताकझांक कर रहा था। लोगों ने उसे किला थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
हनुमान कॉलोनी निवसी देवेंद्र ने बताया कि कई दिनों से कॉलोनी में नंदी लेकर कुछ युवक भिक्षा मांगने आते हैं। वीरवार को भी एक युवक कॉलोनी में नंदी लेकर आया और भिक्षा मांगने लगा। स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह जवाब नहीं दे पाया। उसकी तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड मिला। जिस अनुसार युवक की पहचान सनौली थाना क्षेत्र के गांव तामाशाबाद निवासी सरपा के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने मिलकर उसकी धुनाई कर दी। इसी बीच उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर भी सूचना दी।
आरोप है कि युवक उनके घरों में ताकझांक कर रहा था। उन्होंने युवक से पूछताछ की तो पहले उसने कहा कि उसकी बेटी की शादी है, इसलिए भिक्षा मांग रहा है। गहनता से पूछताछ की बयान बदल दिए। किला थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।