असंध-गोहाना रोड नहर बाईपास पर डंपर की चपेट में आने से इकलौते लड़के की मौत हो गई। तीन बहनों के भाई की मौत केबाद परिवार में मातम छा पसरा हुआ। माडल टाउन चौकी पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।
हादसा बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हुआ। जाटल रोड इंडेन गार्डन में रहने वाला दीपक (14) साइकिल पर असंध रोड चौकी से नहर बाईपास पर होकर अपने घर जा रहा था।
असंध रोड चौकी और जाटल रोड के बीच पीछे से तेज गति में आ रहे डंपर ने उसको टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मॉडल टाउन चौकी पुलिस इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर शव गृह में रखवा दिया और परिवार के लोगों को सूचित किया। दीपक की मौत का समाचार सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दीपक अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह बुधवार को साइकिल पर कंप्यूटर क्लास अटैंड करने के बाद अपने घर वापस आ रहा था।
पुलिस ने सिविल अस्पताल में परिवार के लोगों के बयान दर्ज कर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जांच अधिकारी एएसआई अजमेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक की धरपकड़ तेज की दी है।