गोहाना रोड ओवरब्रिज के पास रेललाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट मेें आने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनाें सरकारी स्कूल में बारहवीं के छात्र थे और स्कूल जाने के लिए लाइन पार कर रहे थे।
हादसा वीरवार सुबह करीब सवा छह बजे गोहाना रोड ओवरब्रिज के पास स्थित आठ मरला चौकी के पास हुआ। शांति नगर निवासी अमृतलाल, पुरेवाल कालोनी निवासी राहुल और काबड़ी रोड निवासी संदीप किशनपुरा स्थित सरकारी सीनियर सेकेेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। वे हर रोज की तरह वीरवार को भी स्कूल में जा रहे थे।
जब वे आठ मरला चौकी के पास से लाइन पर कर किशनपुरा की तरफ जा रहे थे तो इसी बीच तीनों पानीपत से पलवल जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गए।
जीआरपी एएसआई वजीर सिंह ने बताया कि ट्रेन के ड्राइवर ने वॉकी-टॉकी से कॉल कर एएसएम को घटना की सूचना दी। एएसएम ने घटना की सूचना जीआरपी थाना भेजी और एंबुलेंस बुलाई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पर पहुंची। तीनों छात्रों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा दिया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने राहुल और संदीप की गंभीर हालत को देखते पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। पीजीआई जाते समय राहुल की रास्ते में ही मौत हो गई।
संदीप की हालत ठीक बताई जा रही है। वहीं, अमृतलाल को उपचार के बाद छुट्टी दे गई। जीआरपी ने राहुल के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। राहुल की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है।