पानीपत शहर के खन्ना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने महिला को नाक की बढ़ी हुई हड्डी का ऑपरेशन कराने को लेकर अस्पताल में दाखिल कराया था।
आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल और उसके बाहर जमकर हंगामा काटा और तोड़फोड कर दी। इस दौरान अस्पताल के टीवी और अन्य उपकरण तोड़ दिए। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत किया और काफी मशक्कत के बाद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को बाहर निकाला।
पुलिस ने मरीजों को भी बाहर निकालकर अस्पताल पर ताला लगा दिया है। पुलिस ने इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। शव को पीजीआई रोहतक में भेज दिया है।
थाना चांदनी बाग के अंतर्गत खन्ना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार दोपहर बाद एक महिला मरीज की मौत हो गई। उसकी मौत होते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सुमित निवासी हॉली कालोनी बबैल रोड ने बताया कि उसकी भाभी ममता (26) को बुधवार सुबह छींक आई थी और उसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई।
वे उसको लेकर खन्ना रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में पहुंचे। यहां पर डाक्टर रजत ने उसका चेकअप किया। उसने उसकी नाक की हड्डी बढ़ने व ऑपरेशन होने की बात कही और उसको अस्पताल में दाखिल कर लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि डाक्टर व नर्सिंग स्टाफ द्वारा इंजेक्शन लगाने के बाद ममता की तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि डाक्टर ने उनको इस बारे में कुछ नहीं बताया। वे काफी देर इंतजार करने के बाद अंदर पहुंचे तो ममता मृत मिली। उन्होंने डॉक्टर से बात की तो वे इसको लेकर टलने लगे।
अस्पताल में कुछ देर जमकर हुआ हंगामा
खन्ना रोड स्थित निजी अस्पताल में महिला की मौत होने और डॉक्टर की ना-नुकर के बाद परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इस दौरान अस्पताल में रखा एक टीवी व एक अन्य उपकरण टूट गया। इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी राजबीर सिंह हुड्डा, चांदनी बाग थाना प्रभारी ऋषिकांत शर्मा, व किशनपुरा चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत किया।
डाक्टर को निकाला बाहर, अस्पताल कराया खाली
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत करने के बाद अस्पताल से डाक्टर और नर्सिंग स्टाफ को बाहर निकाला। पुलिस ने इसके बाद अस्पताल को खाली करा दिया। आईसीयू में उपचाराधीन एक बच्चे को भी बाहर निकाल दिया और उसके अभिभावक उसको एक दूसरे अस्पताल में ले गए। पुलिस अधिकारियों ने इसके बाद अस्पताल पर ताला लगा दिया।
खन्ना रोड काफी देर तक रहा प्रभावित
महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने निजी अस्पताल और उसके बाहर खन्ना रोड पर काफी देर तक हंगामा काटा। परिजनों के हंगामे के चलते खन्ना रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। यहां के लोगों को दूसरे मार्गों से आना-जाना पड़ा।