पानीपत। जिले के गांव गढ़ी सिकंदरपुर में कुछ लोगों ने वन विभाग के दरोगा के साथ हाथापाई कर दी और सरकारी काम में बाधा डाली।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एएसआई समेत बाकी पुलिसकर्मियों के साथ भी बदतमीजी की। थाना माडल टाउन पुलिस ने इसमें दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
थाना माडल टाउन के अंतर्गत गढ़ी सिकंदरपुर गांव वन विभाग के दरोगा सुरेंद्र कुमार निवासी के साथ गांव के कुछ लोगों ने हाथापाई कर दी। सुरेंद्र कुमार नहर से निकाले गए रेत को ट्रैक्टर में लेकर आ रहे थे।
नहर पुल के पास गढ़ी सिकंदरपुर निवासी अमित व कृष्ण ने ट्रैक्टर को रुकवा लिया और उनके बताए जाने के बाद भी उनके साथ बदतमीजी की। वन दारोगा ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
जिसके बाद माडल टाउन थाने में तैनात नरेश गश्त के बीच मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों लोगों को समझाया, लेकिन उन्होंने एएसआई नरेश व दूसरे पुलिसकर्मी के साथ भी हाथापाई कर दी।
पुलिस ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। जिसकी सूचना मिलने के बाद पीसीआर मौके पर पहुंची और पुलिस ने गढ़ी सिकंदरपुर निवासी अमित व कृष्ण को काबू कर लिया।
पुलिस ने वन दरोगा सुरेंद्र कुमार के बयान दर्ज किए और दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया।
जहां से उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने वन दरोगा व पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली है और उनके साथ हाथापाई की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिया है और जांच शुरू कर दी है।