बिजली निगम में एक व्यक्ति ने आईटीआई के फर्जी डिप्लोमा पर एएलएम की नौकरी हासिल कर ली। विभागीय जांच में डिप्लोमा फर्जी मिलने पर एएलएम फंस गया और निगम अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यही नहीं, निगम ने आरोपी पर सैलरी के रूप में लिए लाखों रुपये भी हड़पने का आरोप लगाया है। मामला सनौली रोड सब डिवीजन का है और एक्सईएन कशिक मान ने इसकी शिकायत थाना माडल टाउन पुलिस को शिकायत दी है।
कशिक मान ने बताया कि बिजली निगम में गत दिनों महेंद्र शर्मा निवासी आजाद नगर एएलएम के पद पर नियुक्त हुआ था। उसके आईटीआई के डिप्लोमा की विभागीय जांच कराई गई तो डिप्लोमा फर्जी मिला।
आरोप है कि उसने इस फर्जी डिप्लोमा के आधार पर न केवल एएलएम की नौकरी हासिल की है, बल्कि निगम के 3,30,500 रुपये भी हड़प लिए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कशिक मान की शिकायत पर आजाद नगर निवासी महेंद्र शर्मा के खिलाफ कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इसकी जांच आठ मरला चौकी प्रभारी विनीत को सौंपी है।
वर्जन
पुलिस को बिजली निगम से शिकायत मिली है। इसमें महेंद्र निवासी आजाद नगर में आईटीआई के फर्जी डिप्लोमा के आधार पर एएनएम की नौकरी पाने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही आरोपी को काबू कर लेगी।
-अनिल कुमार, प्रवक्ता, पुलिस पानीपत