पानीपत। शहर में रंगदारी मांगने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 2022 में रंगदारी का यह तीसरा मामला सामने आया है। इस बार कुख्यात अपराधी काला जठेड़ी और लारेंस बिश्नोई के नाम पर कपड़ा व्यापारी संदीप गोयल से रंगदारी मांगी है। बदमाश ने छह मिनट में दो बार कॉल की और महज 17 घंटे का समय देते हुए 20 लाख रुपये की रकम तैयार करने की धमकी दी। समय पर रकम न मिलने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी देकर व्यापारी और उसके परिवार को दशहत में डाल दिया। वे 24 घंटे बाद भी डर से साए से बाहर नहीं निकल पा रहे।
बदमाश ने व्यापारी को रविवार शाम सात बजे पहली बार फोन कर सोमवार दोपहर 12 बजे तक रंगदारी का समय दिया था। दूसरी बार फोन कर पुलिस में सूचना देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। परिवार ने धमकी के बाद फोन कॉल उठाने बंद कर दिए। फोन की घंटी बजते ही परिजनों में खौफ पैदा हो जा रहा है। परिवार के सदस्य अपने ही घर में कैद हो गए हैं। हालांकि डीएसपी संदीप ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि पुलिस उनके साथ है। घबराने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस की तरफ से परिवार को गनमैन भी मुहैया करा दिए गए हैं।
विदेशी ऐप से नंबर जनरेट कर मांगते हैं रंगदारी-
बता दें कि शहर में पहले भी कई बार ऐसे मामले आ चुके हैं, जिनमें बदमाश विदेशी मोबाइल एप्लीकेशन से मोबाइल नंबर जेनरेट करते हैं, ताकि उनको ट्रेस न किया जा सके। इसके बाद धड़ल्ले से रंगदारी मांगते हैं। हालांकि पानीपत पुलिस पहले भी कई ऐसे मामले ट्रेस कर चुकी है।
काला जठेड़ी के नाम पर पहले भी मांगी जा चुकी है रंगदारी
- 11 जनवरी 2022 को गैंगस्टर काला जठेड़ी के नाम से आढ़ती देवेंद्र से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी, जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने विदेशी ऐप से नंबर जनरेट कर रंगदारी मांगी थी।
- 27 जनवरी 2022 को गैंगस्टर नीरज बवाना बनकर बदमाश ने आढ़ती संदीप दहिया से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले को भी पुलिस ने जल्द ट्रेस कर लिया था। विदेश में बैठे युवक ने पानीपत में अपने भाई संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
- 26 मई 2021 को गैंगस्टर नीरज बवाना बनकर बदमाश ने बैंक से लोन कराने वाले आरकेपुरम निवासी धमेंद्र से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
- अगस्त 2020 को गैंगस्टर काला जठेड़ी बनकर बदमाश ने गढ़ सरनाई निवासी विकास से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
परिवार को किसी तरह का मानसिक तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस हमेशा परिवार के साथ है। परिवार को गनमैन मुहैया करा दिया गया है, पांच टीमें आरोपी को काबू करने में जुटी हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
- संदीप सिंह, डीएसपी पानीपत।