सनौली। छाजपुर सब डिविजन बिजली निगम टीम को शनिवार कासे गांव छाजपुर कलां में बिजली चोरी पर कार्रवाई करने पहुंची। बिजली चोरी पकड़ने गई टीम का एक महिलाएं एवं उसके दो बेटों ने विरोध कर दिया। इस दौरान वीडियोग्राफी कर रहे टीम सदस्य का मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया गया। इस मामले में बिजली निगम ने पुलिस को शिकायत दी है।
छाजपुर सब डिवीजन के एसडीओ यतेंद्र कटारा ने सनौली पुलिस को शिकायत देकर महिला एवं उसके बेटों के खिलाफ केस दर्ज करने को कहा। एसडीओ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महिला ने टीम की सरकारी गाड़ी के अंदर घुसकर अभद्र व्यवहार किया। उसके बेटों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इस दौरान महिला एवं उसके बेटों का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है। एसडीओ ने बताया कि जेई मनोज कुमार मिगलानी, जेई सुनील कुमार, नंदलाल, गुलाब, लाइनमैन रोबिन, संजय एएलएम और पुलिस कर्मी सत्यवीर के नेतृत्व में टीम गांव छाजपुर में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। गांव के कई लोग कुंडी लगाकर बिजली चोरी कर रहे थे। टीम ने बिजली चोरी पकड़ी जाने पर उन पर जुर्माना भी लगाया है।