पानीपत। संजय चौक के पास एटीएम से पैसे निकलवा रहे सिपाही का एटीएम कार्ड बदलकर चोर ने एक लाख रुपये चोरी कर लिए। सिपाही ने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज किया है। अब पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
गांव मुरथल, सोनीपत निवासी वजीर सिंह पुत्र रामचंद्र ने बताया कि वह पुलिस में बतौर सिपाही तैनात है। सोमवार को उसको घरेलू काम के लिए पैसे निकलवाने थे। इसके लिए आरबीएल बैंक के एटीएम पर गया। एक बार में उसने सात हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद एटीएम से पैसे नहीं निकले। इसी वक्त यहां पर एक युवक आया उसने उसे मदद करने को कहा और उससे एटीएम कार्ड ले लिया।
वह एटीएम कार्ड डालकर मशीन से पैसे निकलवाने का प्रयास करने लगा। इसके बाद भी पैसे नहीं निकले। वह यहां से एटीएम कार्ड लेकर घर चला गया। उसने घर जाकर देखा तो उसका एटीएम कार्ड बदला हुआ था। उसके मोबाइल पर एक लाख रुपये डेबिट होने का मैसेज था। उसने खाते की जांच की तो खाते में पैसे नहीं थे। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी।