शिकायकर्ता दोस्त पालम कॉलोनी, करनाल का रहने वाला है। 27 जून को मतलौडा के पास हादसा हुआ था। एक युवक की मौत हो गई थी। दोस्त ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि दोस्त को कई बार धीरे बाइक चलाने को कहा था, वो नहीं माना। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हरियाणा के पानीपत में पाथरी माता के दर्शन के लिए जा रहे तीन दोस्तों की बाइक मतलौडा के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। बाइक पर तीन दोस्त सवार थे। एक दोस्त की मौत के बाद दूसरे दोस्त ने बाइक चला रहे दोस्त के खिलाफ मतलौडा थाना पुलिस को शिकायत दी है।
विज्ञापन
युवक का आरोप है कि बाइक चला रहे दोस्त ने लापरवाही बरती इसलिए बाइक गिर गई और हादसे में दोस्त की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी दोस्त पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
करनाल की पालम कॉलोनी निवासी राकेश चौहान ने बताया कि गांव चांदसमद निवासी कुलदीप उसका दोस्त था। कुलदीप 27 जून को संदीप के साथ उसके पास आया था। दोनों ने उसे कहा कि पाथरी माता के दर्शन के लिए मंदिर जाना है। वो तीनों एक बाइक पर पाथरी के लिए घर से चल दिए। बाइक संदीप चला रहा था। वो बाइक काफी तेज रफ्तार से चला रहा था।
विज्ञापन
उन्होंने कई बार संदीप को बाइक की रफ्तार कम करने को कहा लेकिन वो नहीं माना। गांव मतलौडा के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। वो सड़क किनारे जा गिरे कुलदीप सड़क पर गिर गया। सड़क पर सिर लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया।
वो कुलदीप को लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। यहां से कुलदीप को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया लेकिन वो कुलदीप को निजी अस्पताल में ले गए। पांच दिन चले इलाज के बाद रविवार को कुलदीप की मौत हो गई। कुलदीप की मौत संदीप की लापरवाही से हुई है।