समालखा। औद्योगिक क्षेत्र के नजदीक गड्डों में बृहस्पतिवार एक ऑटो पलट गया। इसमें एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई और बहन घायल हो गए। उन्हें समालखा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक भाई को मृत घोषित कर दिया।
घरौंडा निवासी यशपाल ने बताया कि वह, उसका भाई शिव कुमार और बहन सुदेश गांव राक्सेड़ा गए थे। वहां रिश्तेदारी में मौत हो गई थी। ऑटो से लौटते वक्त औद्योगिक क्षेत्र के पास सड़क पर गड्ढे की वजह से चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार दो भाई एवं बहन चोटिल हो गए। अस्पताल में भाई शिव कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। यशपाल ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक तेज गति से जा रहा था। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पानीपत सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। मामले में 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।