One accused caught stealing 34 thousand rupees from the neck of a sweet shop, looking for another
- फोटो : Panipat
पानीपत। मिठाई की दुकान के गल्ले से 34 हजार रुपये निकालने वाले एक आरोपी को पुलिस ने काबू किया है। पकडे़ गए आरोपी से 1200 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी को पकड़ने का पुलिस प्रयास कर रही है।
सीआईए टू ने गांव राणा माजरा निवासी मुस्तफा पुत्र इकराम को बलजीत नगर से गिरफ्तार किया है। सीआईए टू प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम शनिवार की रात को सनौली रोड पर गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि बलजीत नगर के पास एक युवक आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उस युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान गांव राणा माजरा निवासी मुस्तफा पुत्र इकराम के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर मुस्तफा ने बताया कि 10 जनवरी को उसने अपने दोस्त गांव के ही शाहरुख के साथ मिलकर गांव गढ़ सरनाई के अड्डे से रामपाल पुत्र रामधारी की मिठाई की दुकान के गल्ले से 34 हजार रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने उससे 1200 रुपये बरामद किए हैं। अब पुलिस शाहरुख की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।