पानीपत। पानीपत में दिल्ली-चंडीगढ़ फ्लाईओवर पर कटों को खोलने का प्रावधान करने के लिए जिला प्रशासन ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को स्पष्ट निर्देश दिया है। वीरवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह की बैठक में कहा गया कि शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर के कटों को खोलना बेहद जरूरी है। उपायुक्त सुशील सारवान ने एनएचएआई के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर से कटों को खोलने का प्रावधान करें। अगर इसके लिए उच्च स्तर पर अधिकारियों से बात करनी है तो भी जिला प्रशासन गुरेज नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि वे शीघ्र भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों से इस बाबत बात करेंगे और समस्या का हल निकलवाया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी एनएचएआई के साथ ही जिला प्रशासन की बैठक हुई, जिसमें कटों को खोलने को लेकर बात हुई थी, लेकिन एक महीने बाद भी इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका। असल में पानीपत टोल से कोई वाहन फ्लाईओवर पर चढ़ जाए तो गांव सिवाह से पहले वह शहर में कहीं उतर नहीं सकता है। गांव सिवाह के यूटर्न लेकर ही नीचे के मार्ग से शहर के अंदर आ सकेगा। ऐसे में फ्लाईओवर का प्रयोग बहुत कम वाहन ही करते हैं और शहर के अंदर वाहनों की अधिकता से जाम लगता है। इसका यह हल निकाला गया कि जहां पर पुल दोनों ओर उतरता है, वहां पर चढ़ने और उतरने के लिए कट बनाएं जाएं, जिससे लोग फ्लाईओवर पर चढ़ने से गुरेज न करें और जाम से मुक्ति मिले।
सेक्टरों में जहां सड़कें खस्ता तुरंत बनवाई जाएं
उपायुक्त ने बैठक में निर्देश दिया कि सेक्टरों में सड़कों की जहां-जहां भी खस्ता हालत है, उनके गड्ढे भरवाने के काम में तेजी लाई जाए। बैठक में कार्यकारी अभियंता एचएसवीपी ने बताया कि सेक्टर 6, 18 और 13-17 में गड्ढे भरने का काम सुचारू रूप से चल रहा है। इसके साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी शीघ्रता से यह काम करवाया जाएगा।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट तलब
उपायुक्त ने कहा कि जहां-जहां भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र हैं, अधिकारी वहां का दौरा कर रिपोर्ट दें और आगामी एक सप्ताह के बाद यह बैठक दोबारा होगी, जिसमें इस रिपोर्ट पर गौर किया जाएगा। उन्होंने आगामी बैठक में सभी बिंदुओं पर कार्रवाई रिपोर्ट लाने के भी निर्देश दिए।