एलीवेटिड हाईवे के नीचे गोहाना रोड से लेकर स्काईलार्क तक का रास्ता टाइलों पक्का होगा और किसी भी समय जरूरत पड़ने पर बसों या दूसरे वाहनों को यहां से आसानी के साथ गुजारा जा सकेगा। सबसे बड़ी राहत बस स्टैंड से स्काईलार्क के बीच सड़क बनने के बाद मिलेगी।
यहां से आराम से रोडवेज बसों को गुजारा जा सकेगा और शहरवासियों को भी उठने वाली धूल से निजात मिलेगी। प्रशासन के एक साल पुराने प्रोजेक्ट का पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है और इसी माह इस दिशा में काम शुरू करने की बात कही है। सब कुछ ठीक-ठाक चला तो शहरवासियों की बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।
एलीवेटिड हाईवे पर गोहाना रोड से लेकर स्काईलार्क तक का रास्ता कच्चा है और यहां पर पार्किंग शुरू होने के बाद आसपास के दुकानदारों के लिए आफत बना हुआ है। तेज हवा के साथ धुल उड़ने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दुकानदारों का तो काम तक ठप हो जाता है। इसके अलावा दिनभर की उड़ने वाली धुल से बीमारी फैलने का भी डर बना रहता है। प्रशासन व पुलिस द्वारा गत दिनों करनाल की तरफ जाने वाली बसों को बस स्टैंड के सामने से एलीवेटिड हाईवे के नीचे से निकालना शुरू कर दिया था और ये स्काईलार्क की तरफ जीटी रोड पर चढ़ती थी। रोडवेज चालकों ने नीचे के रास्ते को पक्का करने की मांग उठाई थी।
जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने इसको पक्का कराने का फैसला लिया था। यह काम बीच में ही अधर में लटक गया था और सड़क न बनने पर रोडवेज चालकों ने बसों को नीचे से ले जाना बंद कर दिया था। उनका कहना है कि एलीवेटिड हाईवे के नीचे गहरे गड्ढे हैं और इनसे बस नहीं निकल सकती है और बसों को ले जाना यात्रियों के लिए खतरनाक भी हो सकता है।
रोड बनते ही दौडे़ंगी बसें, जरूरत पड़ने पर बाकी हिस्से में भी चलेंगी
एलीवेटिड हाईवे के नीचे का रास्ता पक्का होने पर रोडवेज बसें बस स्टैंड से स्काईलार्क के बीच आसानी के साथ दौड़ेंगी। इससे जीटी रोड के बाहर लगने वाला जाम भी कम होगा और दूसरे वाहनों को आगे निकलने का रास्ता मिलेगा। यहीं काम शहर के बाकी हिस्से में गोहाना रोड तक जरूरत पड़ने पर अपनाया भी जा सकता है। सड़क के पक्का होने पर धुल मिट्टी भी नहीं उड़ेगी।
इसी महीने हो जाएगा काम शुरू
एलीवेटिड हाईवे के नीचे चार करोड़ रुपये में रास्ता पक्का होगा। पीडब्ल्यूडी द्वारा इसका प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों के पास भेजा गया है और इसको एक या दो दिन में मंजूरी भी मिल जाएगी। इसके बाद इसी माह में टेंडर के अनुसार काम शुरू करवा दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडीबीएंडआर के अधिकारियों अनुसार एलीवेटिड हाईवे के नीचे रास्ता पक्का करने का काम करीब पांच माह में पूरा हो जाएगा।
इस रास्ते को पक्का करने की भी जरूरत
शहर में एलीवेटिड हाईवे बनने के बाद भी जाम कम नहीं हो पा रहा है। शहर में इसके उल्टे जाम की स्थिति रहने लगी है। एलीवेटिड हाईवे के नीचे लंबी लड़ाई के बाद पार्किंग ही बन सकी। इसके नीचे सड़क बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया था, लेकिन एलएनटी ने हर बार काम को रुकवा दिया। नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर व यातायात पुलिस गत कई दिनों से जीटी रोड के यातायात को कम करने का रास्ता तलाश रहे हैं, लेकिन उनको कोई रास्ता नहीं मिल पा रहा। अब गोहाना रोड से स्काईलार्क तक एलीवेटिड हाईवे के नीचे का रास्ता पक्का हो जाता है तो अधिकारियों को भी ट्रैफिक डायवर्ट करने का रास्ता मिल सकेगा। यहां से ऑटो या दूसरे छोटे व्हीकल या फिर रिक्शा को निकाला जा सकेगा।
एलीवेटिड हाईवे के नीचे गोहाना रोड से स्काईलार्क तक का रास्ता टाइलों से पक्का किया जाएगा। इस पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च आएंगे और पीडब्ल्यूडी द्वारा इस काम को कराया जाएगा। एलीवेटिड हाईवे के नीचे रास्ता पक्का होने पर बसों व अन्य वाहनों को गुजारा जा सकेगा और धुल से भी निजात मिलेगी। पीडब्ल्यूडी ने जल्द ही काम शुरू करने का भरोसा दिया है। यह शहरवासियों के लिए फायदे में होगा।
अश्वनी मेंगी, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम पानीपत।