मेरी विनती यही है राधा रानी, कृपा बरसाए रखना...
बांके बिहारी मंदिर के वार्षिकोत्सव के समापन पर वृंदावन के चित्र महाराज के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, कोलकाता से मंगाए फूलों से सजा ठाकुरजी का दरबार
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। चित्र महाराज के ‘मेरी विनती यही है राधा रानी, कृपा बरसाए रखना’, ‘जय राधे, जय राधे, जय श्री कृष्ण बोलो जय राधे’ और ‘हमारी अलबेली राधे, हमारो अलबेलो ठाकुर’ जैसे मधुर भजनों से अंसल स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर गूंज उठा। मंगलवार को मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय छठे वार्षिकोत्सव का समापन हुआ। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम आठ बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दरबार को कोलकाता से मंगाए गए विशेष सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। फूलों से सजे दरबार की छटा देखते ही बन रही थी।
वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन वृंदावन से आए प्रसिद्ध भजन गायक चित्र महाराज ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने तालियां बजाकर भक्ति गीतों का आनंद लिया और राधा रानी के जयकारे लगाए। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
मंदिर के सेवक चमनलाल गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव में शहरभर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समापन पर मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।