हरियाणा के पानीपत के नूरवाला में गंदे नाले के पास ट्राले ने बाइक सवार युवक, उसकी मां, पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सास और बहू की मौत हो गई, जबकि युवक और उसके ढाई साल के बेटे को मामूली चोट लगी। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी चार की माह की गर्भवती थी, जिसका वह अल्ट्रासाउंड कराकर घर लौट रहे थे।
करनाल के बरसत इलाके के गढ़ी बरल गांव निवासी दीपक ने बताया कि वह अलीपुर में जावी होम कारपेट फैक्टरी में काम करता है। उसकी पत्नी सीता (24) चार माह की गर्भवती थी। चार-पांच दिनों से सीता की तबीयत खराब चल रही थी। वह बुधवार को सुबह आठ बजे पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बाइक से पानीपत आया था।
उसके साथ मां शीला (50) और ढाई साल का बेटा दीवांशु भी था। वह अल्ट्रासाउंड कराकर दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के लिए निकले थे। नूरवाला में पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पत्नी सीता और मां शीला के ऊपर कंटेनर का पहिया चढ़ गया, जबकि वह खुद बेटे के साथ सड़क पर जा गिरे।
ट्राले को मौके पर पकड़ा
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने कंटेनर के नीचे से सास और बहू का शव निकाला और हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में ले लिया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाए।
पांच साल पहले हुई थी शादी
दीपक ने बताया कि उसकी पांच साल पहले शीतल से शादी हुई थी। उसका ढाई साल का बेटा दीवांशु है। अब पत्नी चार माह की गर्भवती थी। वहीं दीपक ने बताया कि वह तीन बहन भाई है, जिनमें दो बहनें हैं और सबसे छोटा वह है। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं।
दीपक के बयान पर कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया गया है।
-दीपक कुमार, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी