पानीपत। जिले में रोज 10 से ज्यादा कॉलोनियों में घोषित कट के साथ 30 से ज्यादा कॉलोनियों में रोजाना अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। अघोषित कट में जिले वासियों को बिजली के साथ-साथ दिन भर पानी की आपूर्ति न होने भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को जिले की आठ कॉलोनियों में 20 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रही।
समालखा के ऑफिसर कॉलोनी,पंचवटी कॉलोनी और गांधी कॉलोनी में रविवार को दिन भर बिजली नहीं रही। शाम को दो घंटे आने के बाद अगले दिन दोबारा 12 घंटे से ज्यादा बिजली कटौती रही। पानीपत के चढ़ाव मोहल्ला, सेक्टर 24 की पांच कॉलोनी में, विवर्स कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनियों में 12 घंटे से ज्यादा बिजली कट है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि पिछले 12 घंटे से ज्यादा बिजली गुल होने के कारण वह ना तो मोटर चला पा रहे हैं जिससे पानी की सबसे ज्यादा किल्लत हो रही है।
शिकायत नंबर कर लेते हैं बंद
बिजली निगम द्वारा जारी किए गए कॉलोनी के शिकायत नंबर बंद कर लिए जाते हैं। बिजली कटौती होने के बाद जब लोग शिकायत नंबर पर फोन मिलाते हैं तो पता चलता है कि नंबर बंद है। जिसके बाद लोग शिकायत करने के लिए सब डिवीजन ऑफिस पहुंच जाते है, जिसके बाद निवारण होता है। रात को बिजली कटौती होने पर लोग फोन करके परेशान होते रहते हैं।