करनाल। सदर थाना क्षेत्र के गांव की नाबालिग लड़की के शारीरिक शोषण के मामले में बाल कल्याण समिति की सिफारिश पर सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो में जीरो प्राथमिकी दर्ज की है। लड़की की काउंसिलिंग में सामने आया कि हिसार और पानीपत के युवकों ने उसका शारीरिक शोषण किया था। पीड़िता को फिलहाल एमडीडी बाल भवन में रखा गया है। मामले में हिसार पुलिस जांच करेगी।
शिकायतकर्ता मां ने बीती 13 अप्रैल को 16 वर्षीय बेटी को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया था। मां ने बताया था कि बच्ची बार-बार घर से चली जाती है। इस पर समिति ने बच्ची की काउंसिलिंग करवाई। इसमें कई खुलासे हुए। परिजन ने उसका बाल विवाह 7 जुलाई, 2025 को तय कर दिया था। समिति ने उसे रेस्क्यू कर श्रद्धानंद अनाथालय में अस्थायी ताैर पर रखा था। कुछ समय बाद बच्ची की इच्छा के अनुसार उसकी मां के पास भेज दिया गया था। लड़की के बयान के अनुसार, 29 जुलाई 2025 को माता-पिता ने उसे फिर उसी लड़के के पास भेज दिया जिससे शादी तय थी। हिसार जिले के एक गांव में रहने वाले कुलदीप ने उसका शारीरिक शोषण किया। वह वहां से वापस लाैट आई थी। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि मामले में पॉक्सो अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामला जिला हिसार का होने के कारण जीरो प्राथमिकी दर्ज करके हिसार भेज दी है।