पानीपत। जिले में नशा तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोपी अयान को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने पिछले 15 दिन में नशा तस्करी के 10 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से गांजा, चरस, हेरोइन बरामद की गई है। ये सभी अलग-अलग नेटवर्क से जुडे मिले।
चरस तस्करी ज्यादातर उत्तराखंड से हो रही हैं, वहीं गांजा की तस्करी बिहार से और हेरोइन की तस्करी यूपी और पंजाब से हो रही है। पुलिस टीम तस्करी के नेटवर्क में पैडलर्स तक ही पहुंच पा रही है। बड़े तस्कर पुलिस की रडार पर नहीं आ रहे।
सोमवार को पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोपी अयान को गिरफ्तार किया। सहारनपुर के गंगोह निवासी अयान के पास से 261 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वह सहारनपुर से पानीपत ग्राहक की फिराक में आया था। जांच में पता चला है कि अयान पैडलर्स के रूप में काम कर रहा था। उसके पीछे हेरोइन सप्लाई का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। अब पुलिस पुलिस इस नेटवर्क को तोड़ने के प्रयास में जुटी है। इससे पहले रविवार को पुलिस ने 244 ग्राम चरस के साथ तस्कर भूपेंद्र उर्फ काला को गिरफ्तार किया था। वह उत्तराखंड के उत्तरकाशी से चरस की खेप लेकर आया था और पानीपत में सप्लाई करनी थी। पुलिस उत्तरकाशी में दबिश दे रही है। जिससे की इस नेटवर्क को तोड़ा जा सके। इसके अलावा पंजाब के भी अलग-अलग शहरों से तस्करी का नेटवर्क चल रहा है।
गांजा की सबसे ज्यादा सप्लाई होती है बिहार से : जिले में सबसे अधिक खपत गांजा की होती है। लेबर तबके में गांजा की सबसे ज्यादा मांग है। तस्कर गांजा की तस्करी बिहार और मध्यप्रदेश से कर रहे हैं। फैक्टरियों में काम करने वाले श्रमिक भी बिहार और मध्यप्रदेश के सबसे अधिक हैं। जिनके बीच में रहकर तस्कर गांजा की सप्लाई करते हैं।