दिल्ली में आयोजित समारोह में पुस्तक का विमोचन करते मुख्यातिथि । स्रोत : सोशल मीडिया
पानीपत। गांव कुराना निवासी उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी अशोक कुमार और डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक ओपी मनोचा की संयुक्त पुस्तक ‘लाइफ स्किल्स टू रीच द टॉप’ का वीरवार को आईआईटी दिल्ली में विमोचन हुआ। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी दिल्ली एलुमनाई एसोसिएशन और एस चंद पब्लिशिंग ने किया।
समारोह में बोट के सह-संस्थापक एवं ‘शार्क टैंक इंडिया’ फेम अमन गुप्ता विशेष अतिथि रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जेनरेशन-जेड विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने वाली पीढ़ी है। इसके लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ मजबूत जीवन मूल्य और व्यावहारिक कौशल भी जरूरी हैं। पूर्व डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुस्तक में कॅरिअर योजना, समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और निर्णय लेने जैसे विषयों को शामिल किया गया है। इसमें स्वॉट विश्लेषण और जापानी अवधारणा इकीगाई जैसे उपयोगी टूल भी दिए गए हैं। इस अवसर पर फरीदाबाद के डीसीपी डॉ. राजेश मोहन, मोंगिया स्टील के एमडी गुणवंत मोंगिया, प्रो. अलकनंदा अशोक और एस चंद के एमडी हिमांशु गुप्ता मौजूद रहे।
56