पानीपत। आर्य कॉलेज में दोपहर को जजपा के कार्यक्रम में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शिरकत की। इस मौके पर नेताओं ने कृषि कानून वापस कराने का श्रेय डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को दिया। कहा कि उन्होंने किसानों की मांग पर कृषि कानून वापस कराने के लिए कड़े प्रयास किए थे, इसमें वो कामयाब हुए।
जन नायक जनता पार्टी 9 दिसंबर को झज्जर में अपना तीसरा स्थापना दिवस मनाएगी। इसके लिए डिप्टी सीएम को न्योता भी दिया गया। गौरतलब है कि सम्मेलन के जरिये जजपा अपने कार्यकर्ताओं को दोबारा एकजुट करने का प्रयास कर रही है। जजपा के नेताओं को डर है कि किसान आंदोलन में उनके कार्यकर्ता पार्टी से दूरियां बना रहे हैं।
मंच से पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केसी बांगड़ ने भी कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया कि क्यों जेजेपी ने भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिश करते हुए कहा कि हमने 2019 का चुनाव कांग्रेस के सीएम को बनने से रोकने के लिए लड़ा था। भाजपा ने कई बार हमारे नेताओं को समर्थन देकर सीएम, डिप्टी सीएम व सांसद बनाया है। इसलिए हमने समर्थन देकर भाजपा का सीएम बनाया।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जो भी किया है प्रदेश के हित के लिए किया है। सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलवती, श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री अनूप धानक, जिला प्रभारी दिलबाग नैन व रणधीर सिंह, प्रदेश संगठन सचिव देवेंद्र सिंह कादियान, जिला अध्यक्ष सुरेश काला, राममेहर ठाकुर , सुरेश मित्तल, नरेंद्र सूरा, सुरेश सैनी, जयदेव नौल्था व बलराज देशवाल आदि मौजूद रहे।
हमने जो वायदे किए वो पूरे कर रहे हैं- डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सभी कार्यकर्ता भारी संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर सम्मेलन को कामयाब बनाए। जो हमने चुनाव में वायदे किए थे उनको पूरा किया जा रहा है। निजी नौकरियों में प्रदेश के युवाओं के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। ये हमारा मुख्य मुद्दा था। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जो भी सरकारी बस चालक छात्रों को बस में चढ़ने से रोकेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
पानीपत। आर्य कॉलेज में आयोजित जेजेपी की बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला औ- फोटो : Panipat