पानीपत। राम लाल चौक के पास स्थित जमीन जिसकी दी गई शिकायत ।
- फोटो : Panipat
पानीपत। असंध रोड से लेकर ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जानी वाली सड़क पर रामलाल चौक के सामने पड़ी एक जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जाने का मामला सामने आया है। जिसका नक्शा तक शहर की सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं, अब इन प्लाटों की प्रॉपर्टी आईडी बनवाने का प्रयास किया जा रहा है। निगम और सरकार को बिना राजस्व दिए ये खेल पूरे जिला और निगम प्रशासन के सामने खेला जा रहा है। इसकी एक शिकायत पूर्व जिला पार्षद की ओर से उपायुक्त को देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया जा रहा है कि यह जमीन करीब 900 गज की है, जिसका मालिकाना हक यानी रजिस्ट्री है। बाकी पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। इस जमीन पर पहले जो इमारत बनी थी उस पर भी निगम का 40 से 50 लाख रुपये टैक्स बकाया था। इस इमारत को तुड़वा दिया गया जिससे निगम को तो लाखों रुपये का चूना लगा साथ में सरकार को भी सीएलयू का करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
पूर्व जिला पार्षद जोग्रिंद्र स्वामी ने बताया कि भू माफिया असंध रोड रामलाल चौक से पुराना कचहरी रोड पर स्थित भूखंड में कामर्शियल भवनों का नक्शा बनाकर मार्केट में बेचने के लिए वायरल कर रहे हैं। इसकी शिकायत वे पहले भी निगम आयुक्त को दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि नारायण सिंह पार्क असंध रोड प्रभाकर अस्पताल के सामने पवन गर्ग आदि द्वारा पार्क और सड़क की जगह पर कब्जा करने को लेकर 2012 में उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर इसमें 2264 गज जमीन को खाली कराया था।
इस जमीन पर आज पार्क और सड़कें हैं। नारायण सिंह पार्क टीपी स्कीम के तहत काटा गया है। जिस जगह पर यह कामर्शियल भूखंड है उसमें केवल 900 गज जमीन ही भूमालिक की थी बाकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। उन्होंने कहा कि इस जमीन पर लाखों रुपया निगम का टैक्स बकाया है लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस सब काम को गोलमाल करने की फिराक में है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आयुक्त नगर निगम को उनके द्वारा कालीदास कॉलोनी और असंध रोड पर विर्क नगर के बारे में कई बार शिकायतें दीं लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। पूर्व जिला पार्षद जोगिंद्र स्वामी ने आयुक्त नगर निगम से रामलाल चौक पर स्थित इस भूखंड की शिकायत देकर यहां की प्रॉपर्टी आईडी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
पानीपत। सोशल मीड़िया पर वायरल हो रहा नक्शा।- फोटो : Panipat