पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने अंसल स्थित ढाई हजार गज के प्लॉट पर अवैध रूप से चलाए जा रहे जिम को ढहा दिया। इससे पहले प्राधिकरण ने एक्सरसाइज करने वाली मशीनों को बाहर निकाल दिया था। कई बार नोटिस भी बाद भी जिम संचालक ने प्लॉट से कब्जा नहीं हटाया था।
संपदा अधिकारी अनुपमा मलिक ने बताया कि इस प्लॉट पर सिवाह निवासी संजय कादियान ने कई महीनों से कब्जा कर रखा था। प्लॉट की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है। प्लॉट पर संजय ने जिम खोल रखा था। पिछले साल जून में विभाग ने जब कार्रवाई की बात कही तो संजय ने समय मांग लिया था। नोटिस के बाद भी उसने वहां से मशीनों को नहीं हटाया। इस बीच कोरोना काल के कारण कोर्ट ने 28 फरवरी तक के लिए स्टे लगा दिया था। स्टे की अवधि पूरी होते ही टीम ने वीरवार को कब्जा हटाने की कार्रवाई की। जिम संचालक ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन पुलिस फोर्स के आगे एक नहीं चल सकी। ब्यूरो