पानीपत। औद्योगिक इकाइयों को शहर से बाहर निकालने के लिए एचएसआईआईडीसी (हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कॉर्पोरेशन) रिफाइनरी के पास इंडस्ट्रियल एरिया में आठ अलग-अलग वर्ग मीटर वाले 400 इंडस्ट्रियल प्लॉट की बोली करने जा रहा है। इसके लिए 21 दिसंबर की तारीख रखी गई है। 3 दिसंबर तक एचएसआईआईडीसी के पास सैकड़ों ऑनलाइन आवेदन आ चुके हैं।
एचएसआईआईडीसी 460 वर्ग मीटर से 39,600 वर्ग मीटर तक के प्लॉट की बोली लगाएगा। इनकी प्रारंभिक कीमत 8800 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। विभाग इन प्लॉट को बेचकर एक हजार करोड़ रुपये तक की इनकम कर सकता है। उद्यमियों के पास रिफाइनरी के पास इंडस्ट्रियल एरिया में प्लॉट खरीदने का ये सुनहरा मौका भी है।
दो फेज में औद्योगिक इकाइयों को निकालना है बाहर
सुप्रीम कोर्ट के आदेश है कि शहर के रिहायशी एरिया से बाहर फैक्टरियों को निकाला जाए। पहले फेज में रेड व ओरेंज कैटेगरी की औद्योगिक इकाइयों को बाहर निकाला जाना है। दूसरे फेज में ग्रीन कैटेगरी की औद्योगिक इकाइयों को बाहर निकाला जाएगा। इसके लिए एचएसआईआईडी व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण प्रयास भी कर रहा है।
शहर के अंदर चल रही है पांच हजार से अधिक औद्योगिक इकाइयां
शहर के अंदर पांच हजार से अधिक औद्योगिक इकाइयां चल रही है। ये इकाइयां 30-40 साल पहले लगी थी। इनके पास फायर एनओसी तक नहीं है। इनको प्रशासन की ओर से अनुमति भी नहीं है। कई बार बड़े अग्निकांड की घटनाएं भी हो चुकी है। ये औद्योगिक इकाइयां काबड़ी रोड, सनौली रोड, गंगापुरी रोड, कुटानी रोड, राजीव कॉलोनी, देशराज कॉलोनी, देवी मंदिर के पास, विद्यानंद कॉलोनी, बलजीत नगर, भारत नगर, कुलदीप नगर, बबैल नाका व बरसत रोड पर स्थित है। इन औद्योगिक इकाइयों को शहर से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अब तक रिफाइनरी के पास 200 एकड़ के प्लॉट बिके
सरकार ने 2012 में किसानों से इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए 912 एकड़ जमीन एक्वायर की थी। इसमें से 50 प्रतिशत क्षेत्र को इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए छोड़ा था। 200 एकड़ में प्लॉट पहले बेचे जा चुके हैं। अब भी यहां 400 प्लॉट खाली पड़े हैं। अब एचएसआईआईडीसी नौ साल बाद यहां प्लॉट की बोली कर रहा है।
प्लॉटों की बोली के बारे में 48 घंटे पहले बताएंगे
किस नंबर और किस एरिया के कितने प्लॉटों की ई-बोली होगी। इस बारे में एचएसआईआईडीसी अभी नहीं बताएगा। सरकार की पॉलिसी के तहत अभी प्लॉट की जानकारी नहीं दे सकते। बोली से 48 घंटे पहले आवेदन करने वाले वेबसाइट www.hsiidc.org.in और http://hsiidc.bidx.in पर पता कर सकते हैं कि किस नंबर के और किस एरिया के कितने प्लॉटों की बोली होगी। इसके लिए किसी भी आवेदनकर्ताओं को अलग से कोई जानकारी नहीं भेजी जाएगी।
ऐसे करें बोली लगाने के लिए आवेदन
एचएसआईआईडीसी की वेबसाइट http://hsiidc.bidx.in पर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आप वेबसाइट www.hsiidc.org.in पर भी जानकारी हासिल कर सकते हैं। किसी अन्य जानकारी या मदद के लिए आप हेल्पलाइन नंबर 96939-91992, लैंड लाइन नंबर 0172-2590481 पर संपर्क कर सकते हैं।
21 दिसंबर को बोली, डिटेल वेबसाइट पर मिलेगी
एचएसआईआईडीसी के प्लॉट की बोली 21 दिसंबर को ऑनलाइन होगी। प्लॉट की डिटेल बोली से 48 घंटे पहले ऑनलाइन मिलेगी। अब तक कितने आवेदन आए हैं इस बारे में सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जानकारी नहीं दी जा सकती।
मंजीत बल्हारा, क्षेत्रीय अधिकारी, एचएसआईआईडीसी, पानीपत।