पानीपत। प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करते हुए।
- फोटो : Panipat
पानीपत। वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध के विजय दिवस की स्वर्ण जयंती पर वीरवार को राष्ट्रीय पूर्व सैनिक संगठन ने लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और 1971, 1962 और 1965 के युद्ध के वीर योद्धाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष एवं समस्त कार्यकारिणी के सदस्यों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही सांसद संजय भाटिया, विधायक महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, विधायक धर्म सिंह छोक्कर, विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वीरेंद्र शाह और मेयर अवनीत कौर, भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, जजपा नेता देवेंद्र कादियान को आमंत्रित किया था लेकिन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कोई नहीं आया।
कार्यक्रम में केवल ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा ही पहुंचे। कांग्रेस से विधायक बलबीर सिंह और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं उद्योगपति संजय अग्रवाल ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर वीरांगनाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष राजवीर शर्मा, उपाध्यक्ष रामवीर सूबेदार, सूबेदार महेंद्र, धर्मपाल सूबेदार, कैप्टन राजवीर, विंग कमांडर सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।