पानीपत। अब पोस्ट ऑफिस आपको गंगाजल की होम डिलीवरी करेगा। घर बैठे आपको गंगाजल मिलेगा वह भी गंगोत्री से लाया गया। इसके लिए आपको कुछ अतिरिक्त रुपये चुकाने होंगे। पोस्ट आफिस आकर गंगाजल लेने पर अतिरिक्त चार्ज का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा पानीपत पोस्ट ऑफिस की ओर से शुरू कर दी गई और लोगों को जानकारी देने के लिए पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।
गंगोत्री के गंगाजल की होम डिलीवरी कराने के लिए आपको 45 रुपये का भुगतान करना होगा। पोस्ट ऑफिस में आकर गंगाजल लेने के लिए सिर्फ 30 रुपये ही चुकाने होंगे। होम डिलीवरी के लिए 15 रुपये आतिरिक्त भुगतान करना होगा। गंगाजल मंगवाने के लिए लोग अपने क्षेत्र के पोस्टमैन से संपर्क कर सकते या पोस्ट ऑफिस में कॉल कर भी इसे मंगाया जा सकता है।
सप्ताह में 15 लोग गंगाजल लेने पोस्ट ऑफिस आते हैं
सप्ताह में करीब 15 लोग गंगोत्री का गंगाजल लेने के लिए मुख्य पोस्ट ऑफिस आते हैं। जिले भर के सभी पोस्ट ऑफिस का आंकड़ा मिला लें तो इनकी संख्या 30 के आसपास हो जाती है। इस आंकड़े को बढ़ाने के लिए अब होम डिलीवरी की मदद मिलेगी। होम डिलीवरी के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग गंगाजल प्राप्त कर सकेंगे।
जिलेवासियों के घर तक गंगाजल पहुंचाने के लक्ष्य से हमारी टीम दिन रात काम कर रही है। 30 रुपये में पोस्ट ऑफिस में गंगाजल मिल रहा है और 45 रुपये का घर पर गंगाजल दिया जाता है। लोगों में जागरूकता की कमी है। जिसकी वजह से कम लोग गंगाजल लेकर जा रहे हैं।
- नरेश धीमान,पोस्टमास्टर पानीपत