इसराना। जौंधन कलां गांव के पास शनिवार देर रात एक कपड़ों की फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना माना जा रहा है। गार्ड की सूचना पर फैक्ट्री मालिक ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यहां लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।
फैक्ट्री मालिक जोगेंद्र सिंह निवासी मीना जागलान ने बताया कि गांव जौंधन कलां में उनकी ओम इंटरप्राइजेज के नाम से फैक्ट्री है जिसमे रेडीमेड अंडरगारमेंट्स का सामान तैयार किया जाता है। शनिवार की शाम वे फैक्ट्री में रेडीमेड का सामान तैयार करवा कर पानीपत अपने आवास पर चले गए थे। लेबर भी कसम निपटा कर चली गई थी। देर रात करीब डेढ़़ बजे फैक्ट्री चौकीदार ने उन्हें फोन कर आग लगने की सूचना दी। उन्होंने तुरंत फायर दमकल विभाग व पुलिस को सूचित किया। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। जब तक दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंची तब तक तैयार माल व मशीनों में रखा कच्चा माल व मशीनें जल कर राख हो चुकी थी। फैक्ट्री मालिक के अनुसार उनका करोड़ों का नुकशान हुआ है। आग लगने की वजह बिजली का शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है।