पानीपत। दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना गैंग के गुर्गे पानीपत में लोगों से लगातार रंगदारी मांग रहे हैं। चार दिन में रंगदारी मांगने का तीसरा बड़ा मामला सामने आया है। इस बार अनाज मंडी के आढ़ती से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। आढ़ती ने मामले की शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।
चांदनी बाग थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-25 निवासी संदीप दहिया ने बताया कि उनकी अनाज मंडी में आढ़त है। वह शुक्रवार दोपहर को टीडीआई स्थित अपने प्लाट पर निजी काम से गए थे। इस बीच उसके पास दो बार 1:24 और 1:26 बजे पर एक नंबर से कॉल आई। दोनों ही बार उसकी एक मिनट तक बात हुई। पहली कॉल में बदमाश ने धमकी दी कि 25 लाख रुपये तैयार रखना नहीं तो गोली मार देगा। उसने पहचान पूछी तो बदमाश बोला कि नीरज बवाना गैंग से बोल रहा है।
दूसरी कॉल आई तो उसने एक श्रमिक को फोन पकड़ा दिया। श्रमिक ने बदमाश से कहा कि बाऊजी नहीं है, तो बदमाश ने कहा कि मैं जानता हूं, तेरा बाऊ संदीप दहिया है, जो अनाज मंडी में आढ़ती है, उसे बोल देना कि शनिवार शाम तक रुपयों का इंतजाम कर ले, नहीं रविवार को उसका आखिरी दिन होगा, उसे गोली मार देंगे। धमकी के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। उन्होंने बदमाश के खिलाफ चांदनी बाग थाना पुलिस को शिकायत दी है और सुरक्षा की मांग की है।
ट्रूकॉलर से किया था कॉलिंग
आढ़ती संदीप दहिया ने बताया कि बदमाश ने उसे ट्रूकॉलर से कॉल किया था। बदमाश हरियाणवी में बात कर रहा था। उसने रिकॉर्डिंग करने का प्रयास किया, लेकिन उसके फोन में रिकॉर्डिंग नहीं हैं।
हलवाई और आढ़ती से भी मांगी जा चुकी है रंगदारी
- रंगदारी नंबर एक
इससे पहले भी मंगलवार रात नौ बजे एक बदमाश ने आढ़ती देवेंद्र कुमार उर्फ लीला से एक बदमाश ने 10 लाख की रंगदारी मांगी थी। जिसने खुद को काला जठेडिया बताया था, जो कि नीरज बवाना गैंग का गुर्गा है। देवेंद्र को भी बदमाश ने एक दिन का समय दिया था, आढ़ती ने पुलिस को शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आढ़ती की सुरक्षा में एक सुरक्षाकर्मी तैनात कर रखा है।
-रंगदारी नंबर दो
समालखा के पुरानी गुडमंडी निवासी हलवाई मनोज मित्तल ने बताया था कि बुधवार दोपहर के समय वह दुकान पर था। दोपहर डेढ़ बजे उसके फोन पर कॉल आया। उसने कहा कि करनाल से ऋषि चुलकाणे वाला बोल रहा हूं, पांच लाख रुपये चाहिए। वह डर गया और उसने कॉल काट दी। दोबारा कॉल आने पर उठाया नही। जिसके बाद फोन पर मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि मरेगा तू भी।
आढ़ती की शिकायत पर बदमाश के खिलाफ धारा 386 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, नंबर को ट्रेसिंग कर लगवाकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी।