पानीपत। माल बिकवाने का झांसा देकर एक आरोपी ने गिरोह के साथ मिलकर कबाड़ कारोबारी से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पहले पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर गृहमंत्री को शिकायत दी। उनके आदेश पर अब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुुरू दी है।
अर्जुन नगर निवासी अनिल ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई सुशील के साथ फर्म मेसर्स केशव एंटरप्राइजेज में काम करता है। वह वेस्ट कपड़ा खरीदने व बेचने का काम करते हैं। फर्म का लेनदेन आदि सभी कार्य वह करते हैं। अप्रैल 2021 में राहुल गुप्ता उसके संपर्क में आया। राहुल ने बताया कि वह एक एजेंट है। वह शहर में कपड़े खरीदवाने और बिकवाने का काम करता है, लेकिन बदले में एक प्रतिशत कमीशन लेता है। आरोपी ने आश्वासन दिया कि माल की पेमेंट की जिम्मेदारी उसकी होगी। करनाल की जगदंबा ट्रेडिंग कंपनी से राजीव, गोयल टेक्सटाइल से बिट्टू, ब्यास फाइबर ने उनकी कंपनी से माल उठाया। आरोपी ने 15 दिन में पेमेंट कराने का झांसा दिया, लेकिन आज तक कोई पेमेंट नहीं आई। जबकि आरोपी उनसे अपनी कमीशन भी लेता रहा।
जांच की तो हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
पीड़ित ने बताया कि पेमेंट न मिलने पर उसने जांच की तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोपी राहुल गुप्ता, राजीव,रिंकू, नीशू,बिट्टू,ब्यास ने मिलकर गिरोह बनाया हुआ है। राहुल पहले पार्टी को जाल में फंसाता है और इसके बाद सभी के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देता है।
कारोबारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - इंस्पेक्टर बलराज सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी