पानीपत। दिल्ली पैरलल नहर किनारे कनफेक्शनरी दुकान संचालक व एसएचओ के दामाद से लूटपाट करने वाले चौथे आरोपी को पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज सिंह ने बताया कि शक्रवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी शहजाद सेक्टर-29 में फ्लोरा चौक के पास घूम रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी शहजाद पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। गहनता से पूछताछ करने व वारदात में प्रयोग किया अवैध देसी पिस्तौल बरामद करने के लिए पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपी शहजाद को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
वारदात में संलिप्त आरोपी हरिनगर निवासी आकाश, खुखराना निवासी अजय और कैराना निवासी फजान पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपियों के कब्जे वारदात में प्रयोग की दो बाइक व डंडा बरामद हुए थे।
यह था मामला-
शांति नगर निवासी शशि ने बताया था कि 29 जनवरी वह दुकान पर था। इसी बीच तीन बदमाश दुकान पर आ गए और सिगरेट मांगी। वह सिगरेट निकालने लगा तो आरोपियों ने पिस्तौल तान दी। उसने एक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया दूसरे आरोपी ने उसकी जांघ में गोली मार दी और गल्ले से दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। दोस्त प्रवीन ने उसे अस्पताल पहुंचाया।