पानीपत। जिले में पिछले दो दिन में कोरोना के 11 नए मरीज मिल चुके हैं। बुधवार को भी कोरोना के चार रोगी मिले। इनमें सिविल अस्पताल के डिप्टी एमएस की डेंटल सर्जन पत्नी भी शामिल हैं। उनको होम आइसोलेट कर दिया गया है। डिप्टी एमएस ने भी अपनी जांच कराकर खुद को घर में आइसोलेट किया है। बुुधवार को 287 लोगों ने सिविल अस्पताल में जांच कराई। चार लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अब जिले में कोरोना के एक्टिव रोगियों की संख्या 14 है। रोगियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आशा वर्करों को निर्देश दिए गए हैं। कोविड इंचार्ज इनसे इनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। इस माह में अब तक कोरोना के 33 केस मिल चुके हैं। इनमें से 23 केस की ट्रैवलिंग हिस्ट्री है। ये लोग परिवार के साथ गर्मियों की छुट्टियों में बाहर गए थे। वहां से आने के बाद लक्षण मिले तो जांच में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब गर्मियों में लोग उतराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, गोवा व सिक्किम में घूमने जा रहे हैं। वहां पर कोरोना संक्रमण का खतरा अधिक है।
जिले में अब कोरोना के रोगियों की संख्या 36084 हो चुकी है। 35391 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। अब तक 676 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। कोरोना के खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग अब तक सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था नहीं कर सका है और न ही बच्चों के लिए हाई डिपेंडेंसी यूनिट तैयार की गई है। मुख्यालय से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जल्द एसडीयू तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बाहर जाकर सतर्कता बरतें लोग : डॉ. सुनील
डिप्टी सिविल सजर्न डॉ. सुनील संदुजा ने कहा कि लोगों से अपील है कि अगर वे बाहर जा रहे हैं तो सतर्कता बरतें। वहां से आने के बाद अपनी कोविड जांच कराएं। अगर लक्षण है तो जांच कराकर खुद को आइसोलेट करें और सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन करें।
डॉ. सुनील संदुजा, डिप्टी सिविल सर्जन