पानीपत। सीआईए-वन की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Panipat
पानीपत। नई सब्जी मंडी में कांग्रेस नेता आढ़ती बलकार से मारपीट करने वाले और रेहड़ी वालों से वसूली करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को सीआईए-1 गिरफ्तार किया है। आरोपी रुपये न देने वालों से मारपीट करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडे बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया जबकि मुख्य आरोपी की धरपकड़ में टीम जुटी हुई है।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को मंगलवार शाम सेक्टर 13-17 स्थित हेलीपेड के पास से गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आजाद नगर निवासी राकेश उर्फ रोकी, मुखिजा कॉलोनी निवासी अमन, विकास नगर निवासी अमित और अक्षय के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने रिसालू निवासी रमेश मलिक, सेक्टर 11-12 निवासी गोपी सरदार और सिवाह निवासी राहुल के कहने पर तीनों के नाम से नई सब्जी मंडी में रेहड़ी वालों से रंगदारी वसूली करने का खुलासा किया। इसके अलावा नवंबर 2021 में सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान के संचालक रिसालू निवासी बलकार को रंगदारी न देने पर लाठी-डंडों से पीटने की बात भी कबूली।
कांग्रेस नेता ने दी थी शिकायत
थाना चांदनी बाग में कांग्रेस नेता बलकार मलिक ने दी शिकायत में बताया था कि उसकी पानीपत नई सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान है। वह हर रोज की तरह घर से सुबह करीब साढ़े चार बजे कार से मंडी में पहुंचे। कार से उतर कर दुकान की तरफ जाने लगा तो उसी समय तीन-चार अज्ञात युवकों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया था। बचाव के लिए उसने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गए।
एसपी की अपील, रंगदारी मांगने पर पुलिस को दे शिकायत
एसपी शशांक कुमार सावन ने कहा कि पुलिस रिफाइनरी में आरसीएम कंपनी के मैनेजर से रंगदारी मांगने के मामले में अब तक 39 आरोपी और साहिल ट्रैवल्स के संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फरार आरोपी मनोज उर्फ बाबा पर 15 हजार का इनाम घोषित किया हुआ है। किसी से कोई अवैध वसूली करता है तो पुलिस को शिकायत दे।