समालखा। पेड़ काटते हुए श्रमिक ।
- फोटो : Panipat
समालखा। गांव मनाना स्थित बीएड कॉलेज रोड पर बनने वाले आरओबी के लिए अप्रोच रोड बनना है। इसमें बाधा बन रहे 407 छोटे-बड़े पेड़ों को बुधवार से काटा जाना शुरू कर दिया गया। उधर, रेलवे ट्रैक के पास खुदाई की अनुमति न मिलने के बाद सड़क का काम दो माह से बंद है। इससे रेलवे फाटक बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जीटी रोड से गांव मनाना को जोड़ने वाले रोड पर गांव के पास बनी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाना है। इस आरओबी का डिजाइन रेलवे ने तैयार किया है। ट्रैक से आगे फाटक के दोनों तरफ करीब 350-350 मीटर की अप्रोच रोड पीडब्ल्यूडी को बनानी है लेकिन यहां लगे पेड़ काम में बाधा बन रहे थे।
समस्या के समाधान के लिए वन विभाग से एनओसी के लिए आवदेन किया गया था और करीब 96 लाख रुपये भी जमा कराए गए। अब वन विभाग से पेड़ों को काटने की अनुमति मिलने के बाद कटाई का कार्य शुरू हो गया है। रेंज ऑफिसर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फाटक के दोनों तरफ के पेड़ों की कटाई भी शुरू हो गई है, जबकि ट्रैक के पास जमीन की एनओसी नहीं ली गई है।