बीएएमएस की छात्रा ने अपने पति की गलत हरकतों से तंग आकर अपने पिता की लाइसेंस पिस्तौल से खुद को गोली मारी थी। उसकी किताबों में एक सुसाइड नोट भी मिला है जो उसने आत्महत्या करने से कुछ देर पहले ही लिखा था।
पुलिस ने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है और पिता के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद मायका पक्ष को सौंप दिया है।
विकास नगर निवासी बीएएमएस अंतिम वर्ष की छात्रा अंजली उर्फ निशा (23) का बुधवार को सिविल अस्पताल में 15 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने इससे पहले पठानकोट में आर्मी में सूबेदार के पद पर तैनात पिता रमेश के बयान दर्ज किए। मृतका के पिता रमेश मंगलवार देर रात ड्यूटी से हादसे का पता चलने पर घर पहुंचे थे।
पुलिस ने दिनभर की कागजी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और हत्या तथा आत्महत्या दोनों तरफ से मामले पर नजर रखी। इस दौरान पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी वहां मौजूद रहे।
पुलिस ने कई घंटे चली पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कनपटी के आरपार निकली थी गोली
अंजली उर्फ निशा ने अपनी कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मारी थी जिससे गोली आरपार निकल गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान एक्सरे कराने पर इस बात की पुष्टि हुई। पुलिस ने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
किताब में मिला सुसाइड नोट
अंजली उर्फ निशा का सुसाइड नोट बिस्तर पर पड़ी किताबों में मिला है। पिता रमेश ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले निशा ने सुसाइड नोट लिखा जिसमें उसने अपने पति सुनील को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में किसी दूसरे व्यक्ति का नाम नहीं लिखा है।
अंजली पिस्तौल को लेकर थी ट्रेंड
अंजली उर्फ निशा को पिस्तौल लोड और अनलोड समेत निशाना लगाना भी आता था। बताया जा रहा है कि उसके पिता ने परिवार की सुरक्षा की दृष्टि से लाइसेंसी पिस्तौल लिया था और उसको घर पर ही रख दिया था। पिस्तौल अकसर अनलोड ही रहती थी और अंजली को इसकी पूरी जानकारी थी। अंजली ने आत्महत्या से पहले पिस्तौल को खुद लोड किया और फिर गोली मार ली।
ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंचे
अंजली उर्फ निशा की शादी नारा निवासी सुनील के साथ शादी हुई थी। सुनील भी बीएएमएस का छात्र है और उसी के साथ पढ़ाई करता था। बुधवार को नारा निवासी उसके ससुराल पक्ष के लोग भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मायका पक्ष को ढांढस बंधाया और शव का ससुराल में अंतिम संस्कार करने की बात कही, लेकिन मायका पक्ष के लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी। जिसको लेकर काफी देर तक बातचीत भी चलती रही।
पति करता था यौन उत्पीड़न
अंजली ने अपने पति सुनील पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उसने अपनी मां को बताया था कि सुनील ने उसकी वीडियो बना रखी है जिसके आधार पर उसको ब्लैकमेल करता था और उस पर शादी करने का दबाव डाला था। वह उस समय उनको सब बता नहीं सकी, लेकिन वह शादी के बाद भी हरकतों से बाज नहीं आया। वह उसका अप्राकृतिक तरीके से यौन शोषण करता था जिससे वह तंग आ चुकी थी। बताया जा रहा है कि कई दिन पहले भी अंजली ने रोहतक में ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन एक लड़की ने उसको पकड़ लिया था। इसके बाद परिजन उसको विकास नगर ले आए थे। उसकी मां को पता नहीं था कि अंजली यहां पर भी ऐसा कर लेगी। वह उसको समझाकर दैनिक कार्य निपटाने चली गई थी।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग के अंतर्गत विकास नगर की अंजली उर्फ निशा ने मंगलवार को अपने मायके में अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली थी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। गोली चलने की आवाज सुनतेे ही परिजन और आसपास के लोग वहां पहुंचे।
परिजन खून से लथपथ अंजली को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग प्रभारी सुरेश सैनी अस्पताल व मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया। अंजली के पिता आर्मी में तैनात हैं जिस कारण शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस को उसके पिता के बयानों का इंतजार था।
विकास नगर निवासी अंजली उर्फ निशा ने अपने पिता की पिस्तौल से आत्महत्या की है। उसके पिता के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और आरोपी की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।
सुरेश सैनी, एसएचओ चांदनी बाग