पानीपत। थाना इसराना के एक गांव में छठी कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। गुस्साए परिजन अस्पताल में पुलिस कर्मियों के साथ उलझ गए। परिजनों ने छात्रा की सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच करवाई।
मामला रविवार का है। एक गांव में एक बुजुर्ग महिला अपनी तीन पोतियों के साथ रहती है। उनकी पानी की बिजली की मोटर खराब हो गई। गांव के ही एक इलेक्ट्रिीशियन को मोटर ठीक करने के लिए बुलाया। आरोप है कि इलेक्ट्रिीशियन ने उसकी छठी कक्षा में पढ़ने वाली पोती को डोरी लगाने के बहाने बुला लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजन मंगलवार को सिविल अस्पताल में बच्ची की मेडिकल जांच कराने पहुंचे। परिजनों के साथ पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने मेडिकल जांच कराने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वे हवलदार हैं और छेड़छाड़ जैसे मामलों की जांच एएसआई स्तर का अधिकारी कर सकता है। इस बात को लेकर परिजन सिविल अस्पताल में पुलिसकर्मियों पर भड़क गए और काफी देर तक उनके साथ उलझते रहे। इसके बाद पुलिसकर्मी चले गए और परिजनों ने बच्ची की मेडिकल जांच करवाई। चिकित्सकों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
वर्जन
महिला हेल्पलाइन से सूचना आई थी जिसके आधार पर जांच करने पहुंचे थे, लेकिन परिजन किसी तरह की शिकायत नहीं दे रहे हैं। पुलिस के पास ऐसी कोई शिकायत आती है तो मामले की जांच की जाएगी।
अजीत सिंह, एसएचओ, थाना इसराना