समालखा (पानीपत)। चुलकाना रोड पर पांच दिन पहले दो दुकानदारों को गोली मारकर शहर में भय का माहौल पैदा करने वाले आठ बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा। नकदी और गोलियां खत्म होने पर हथवाला रोड स्थित एक दफ्तर में एक और वारदात अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे। सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनसे चार पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस ने सोमवार को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ट ने बताया कि सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर और उनकी टीम ने आठ बदमाशों को काबू किया है। शिवम उर्फ राजा निवासी चुलकाना, मोहित निवासी बलींयाली भिवानी, अमन उर्फ अमनी , रोहित उर्फ जाटराम निवासी अलेवा जींद, विशाल उर्फ अंडा निवासी नजदीक रामलीला ग्राउंड समालखा, आशु निवासी चुलकाना रोड , लोकेश उर्फ लुकी निवासी कृष्णा कालोनी और दीपक निवासी आजाद नगर समालखा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम ने दुकानदार विनोद सिंगला और पूर्व एमसी के भतीजे निशु पर गोली चलाई थी जबकि आरोपी मोहित ने हवाई फायर किए थे। सीआईए-3 प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि सभी आरोपियों को हथवाला रोड पर आरोपी आशु के हुक्का ऑफिस से गिरफ्तार किया गया है। उनकी गोलियां खत्म हो गईं थीं और पैसे भी नहीं थे। इसलिए वे दूसरी वारदात को अंजाम देने के लिए वहां एकत्रित हुए थे।
ऐसे बनाई गई थी पूरी योजना
आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। शिवम, मोहित, अमन लूट की वारदात के लिए गए थे, जबकि विशाल कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। शिवम दुकान में घुसा और दुकानदार विनोद पर गोली चलाई, जबकि मोहित और अमन गल्ले से नकदी निकालने लगे। वहां से भागते समय कुछ कदमों की दूरी पर शिवन ने निशु को गोली मारी। वारदात के बाद साथियों के पकड़े जाने की स्थिति में आशु, लोकेश और रोहित पास में ही दूसरी बाइक पर फायरिंग करने के लिए खड़े थे जिससे साथियों को छुड़ाया जा सके। आरोपी दीपक लूट के पैसे लेने के लिए गली में खड़ा था।
तीन के हैं आपराधिक रिकार्ड
पकड़े गए आरोपियों में से रोहित, मोहित और आशु का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है। रोहित पर जानलेवा हमला करने के दो मुकदमे दर्ज हैं और एक में गिरफ्तार हो चुका था। जबकि एक में वह फरार चल रहा था। मोहित के खिलाफ जानलेवा हमला करने की वारदात के संबंध में मुकदमा दर्ज है। आरोपी आशु के खिलाफ थाना समालखा मे स्नैचिंग की वारदात के संबंध में केस दर्ज है।
ये था मामला-
चुलकाना रोड पर बीती वीरवार की रात को किराना की दुकान पर बैठे विनोद सिंगला और उससे कुछ दूरी पर नीशु उर्फ बिल्लू को गोली मारी गई थी। समालखा थाना प्रभारी सहित जिले की तीनों सीआईए टीमों के प्रभारी अपनी टीमों के साथ आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगे हुए थे। पुलिस टीम विभिन्न पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही थी। साथ ही आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था।