पानीपत। संयुक्त तालमेल कमेटी हरियाणा के नेतृत्व में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों ने मॉडल टाउन स्थित सांसद संजय भाटिया के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने घर के बाहर बैठकर थाली चम्मच और ताली बजाकर नारेबाजी भी की। उधर, ग्रामीण विधायक के आवास का घेराव स्थगित कर मंगलवार को लघु सचिवालय में धरना देने का भी निर्णय लिया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सांसद के आवास के बाहर सड़क पर बैठकर करीब आधे घंटे तक नारेबाजी की। प्रदर्शन करने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व हेल्पर ने मुख्यमंत्री के नाम सांसद के घर के लोगों को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में जिले के सभी ब्लॉक से सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व संयुक्त तालमेल कमेटी की सदस्य विमला नैन, कमला बिंझौल, प्रभा देवी, रीटा ठाकुर, शकुंतला, सुमन, सुदेश आदि ने किया।
घेराव में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सीटू राज्य सचिव सुनील दत्त, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान डॉ. सुरेंद्र मलिक, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिला प्रधान राजेंद्र छौक्कर, इंडस्ट्रियल वर्कर यूनियन पानीपत के नवीन सपड़ा और गुलाब सिंह पट्टी कल्याणा ने हरियाणा की सरकार पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार उन पर लगे आरोपों को वापस ले और नौकरी से निकालने की धमकी नहीं दे।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार से कुछ नया नहीं मांग रही हैं, वर्ष 2018 में समझौते अनुसार ईएसआई, पीएफ लागू करना, कुशल, अकुशल श्रमिकों की कैटेगरी में शामिल करते हुए महंगाई भत्ते को मानदेय में शामिल करने की मांग है। 2018 की सितंबर से बढ़ा मानदेय एरियर सहित दिया जाए। संयुक्त तालमेल कमेटी ने मंगलवार को भाजपा विधायक महिपाल ढांडा के आवास का घेराव स्थगित कर दिया और अब उसकी जगह मंगलवार को लघु सचिवालय पर ही धरना देने का निर्णय लिया है।
पानीपत। सांसद संजय भाटिया के प्रतिनिधित्व को ज्ञापन सौपतें हुई आगंबाड़ी वर्कर।- फोटो : Panipat