Dead body of a young man who went to take his daughter's medicine was found in the drain, the family said that he was murdered after the robbery
- फोटो : Panipat
पानीपत। शामली से बेटी की दवा लेने के लिए पानीपत निकले युवक का शव बबैल नाका के पास बने गंदे नाले में मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक की लूटपाट के बाद हत्या की गई है। चांदनी बाग थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने जांच के लिए विसरा मधुबन लैब में भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
शामली, यूपी निवासी धर्मबीर सिंह ने बताया कि उसके 31 वर्षीय भाई राजपाल की सवा साल पहले शादी हुई थी। उसका भाई राजपाल पेशे से किसान था। एक माह पहले राजपाल पिता बना था। उसकी पत्नी की डिलीवरी पानीपत में सनौली रोड स्थित निजी अस्पताल में हुई थी। जन्म के बाद से ही बच्ची बीमार रहती है। उसका वजन भी कम है। बच्ची की अब भी निजी अस्पताल से दवा चल रही थी। राजपाल शनिवार की सुबह घर से बच्ची की दवा लेने के लिए पानीपत के लिए निकला था। दवा लाते हुए वह काफी लेट हो गया था। उनकी राजपाल से बात हो रही थी। राजपाल ने रात 10 बजे कॉल कर उन्हें बताया कि वो रास्ते में है। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। उनकी रात को फिर दोबारा बात नहीं हुई। सुबह होते ही उन्होंने शामली थाना पुलिस में राजपाल की गुमशुदगी की शिकायत दी थी। रविवार की शाम को राजपाल का शव बबैल नाके के पास गंदे नाले में मिला। उनको शक है कि राजपाल की हत्या की गई थी। उन्हें आशंका है कि राजपाल से मोबाइल व नकदी भी लूटी गई है।
परिवार राजपाल को ढूंढते हुए पानीपत पहुंचा तो हुई पहचान
सोमवार को राजपाल को तलाशते हुए परिजन पानीपत पहुंचे थे। यहां उन्होंने बलजीत नगर नाका चौकी पुलिस से राजपाल की गुमशुदगी के बारे में बात की। चौकी पुलिस ने परिजनों को रविवार को मिले शव का फोटो दिखाया। परिजनों ने शव की पहचान राजपाल के रूप में की थी।
पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को दे दिया है, जांच जारी : एसएचओ
पुलिस ने जांच के लिए विसरा मधुबन लैब में भेजा है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
- महिपाल सिंह, एसएचओ चांदनी बाग थाना पुलिस