समालखा। जीवनभर की पूंजी से बेटी की शादी के लिए लाखों रुपये से बनवाए सोने व चांदी के गहने और चार लाख रुपये की नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। मामला समालखा के वार्ड नंबर 10 की चांद कॉलोनी का है। समालखा थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
समालखा पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-10 की चांद कॉलोनी निवासी कस्तूरी देवी ने बताया कि वह पट्टीकल्याणा गांव स्थित पीएचसी में लैब टेक्नीशियन हैं। बुधवार को सुबह नौ बजे रोज की तरह ड्यूटी पर गई थीं और उनके पति भी सुबह आट्टा गांव में खेत देखने चले गए थे। वह छुट्टी के बाद शाम चार बजे घर वापस पहुंची। उसको घर के सभी ताले टूटे और सारा सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी का ताला टूटा हुआ था। इसमें रखे चार लाख नकद और सोने का मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठियां, सोने के कानों के झुमके, चांदी का कड़ा और 20 तोला वजनी चांदी की पाजेब चोरी मिली। कस्तूरी देवी ने बताया कि यह सब सामान उसने अपनी बेटी की शादी के लिए बनवा कर रखा था। हालांकि शादी हाल में होनी थी। मगर किन्हीं कारणों से उसकी तारीख कुछ समय बाद की निकली है। नकद और आभूषण उसके जीवन भर की जमा पूंजी थी, जो कि चोर एक ही पल में चोरी कर ले गए। उसने बताया कि उसे शक है कि यह चोरी दोपहर 12 से एक बजे के बीच हुई है। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। पड़ोसियों ने बताया कि दो संदिग्धों युवक गली में घूम रहे थे।