जिले के गांव बराना स्थित एचडीएफसी बैंक में दिनदहाड़े 14 लाख की डकैती पड़ गई। छह नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिलों पर आए थे और हथियार के बल पर पर बैंक स्टाफ को बंधक बना लिया।
बदमाशों की हरकतें बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाश डकैती कर गांव गढ़ी बेसिक की तरफ भागे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस जहां जाट आरक्षण आंदोलन में सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए गांव सिवाह में मौजूद रही, वहीं इसी का फायदा उठाकर छह नकाबपोश बदमाशों ने गांव बराना में एचडीएफसी बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया। छह बदमाश शुक्रवार दोपहर एक बजे बाइक पर सवार होकर बैंक में आए।
सभी बदमाशों ने काले रंग का नकाब पहना हुआ था। बदमाशों ने बैंक में घुसकर पिस्तौल से फायर कर दिया। गोली चलते ही सभी बैंक कर्मी और उपभोक्ता सहम गए।
बदमाशों ने सभी बैंक कर्मियों और उपभोक्ताओं को बैंक के कोने में खड़ा कर दिया। एचडीएफसी बैंक के कैशियर मंजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बैंक में लंच का समय था।
वह अपने कैबिन में कैश की गिनती कर रहा था। एक दम बैंक में गोली चलने की जोर की आवाज आई। छह नकाबपोश बदमाशों ने सभी बैंक कर्मियों और उपभोक्ताओं को धक्का देकर कोने में खड़ा कर दिया। बदमाशों ने उसके कैबिन में घुसकर कैश छीनकर बैग में डाल लिया। बदमाश लॉकर से भी कैश लूटना चाहते थे।
लॉकर दो चाबियों से खुलता है, एक चाबी तो उसके पास थी। एक चाबी बैंक प्रबंधक अपने साथ लेकर फील्ड में गया था। बदमाशों ने एक चाबी छीनकर लॉकर को खोलने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं खुल पाया।
बदमाश बैंक से 14 लाख रुपये लूटकर गढ़ी बेसिक की तरफ फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैशियर के बयान पर छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी करवाकर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
लूट के चुना लंच का समय
बदमाशों ने बैंक में लूट के लिए दोपहर एक बजे का समय चुना। बदमाशों को पता था कि एक बजे बैंक में लंच होगा। बैंक में कम से कम उपभोग्ता होंगे। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाकर बैंक में 14 लाख की लूट को अंजाम दिया।
जाट आरक्षण आंदोलन का उठाया फायदा
बदमाशों ने जाट आरक्षण आंदोलन को पूरा फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों का पता था कि पूरा पुलिस बल शहर में सुरक्षा व्यवस्था को दुरस्त करने में जुटा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मुश्किल से वारदात स्थल पर पहुंच पाएगी। शहर के आसपास के गांव में जाट आंदोलनकारियों ने जाम लगा रखा है। बदमाशों ने इसका भरपूर फायदा उठाया।
29 दिसंबर को दिया था 17 लाख की लूट को अंजाम
बदमाशों ने जाटल रोड स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम को उखाड़ लिया था। बदमाश एटीएम को उखाड़कर गाड़ी में रोहतक ले गए थे। एटीएम में 17 लाख रुपये कैश था। वारदात की रात को रोहतक पुलिस ने बदमाशों को एटीएम मशीन के साथ गिरफ्तार कर लिया था। 22 जनवरी 2015 को इसी एटीएम को उखाडकर 29 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था।
गांव बराना में बैंक लूट की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाशों ने बैंक से 14 लाख रुपये लूटे है। पुलिस ने बैंक के कैशियर मंजीत सिंह की शिकायत पर छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश कर रही है।
अनिल कुमार, प्रवक्ता पानीपत पुलिस।