परिवहन, आवास एवं जेल मंत्री कृष्णलाल पंवार के छोटे बेटे सुनील पंवार की हार्ट फेल होने से मौत हो गई। इससे परिवार समेत पूरे मतलौडा में मातम छा गया। सुनील पंवार की मौत की सूचना पर मतलौडा का सारा बाजार बंद रहा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई मंत्रियों और प्रमुख लोग संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे।
परिवहन, आवास एवं जेल मंत्री कृष्णलाल पंवार के छोटे बेटे सुनील पंवार (34) सोमवार रात को अपने मतलौडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान पर थे। परिजनों के अनुसार वह रात को सामान्य दिनों की तरह अपने कमरे में जाकर सो गए। मंगलवार अल सुबह करीब तीन बजे उसके खर्राटे बंद हो गए। उनकी पत्नी श्वेता ने उन्हें हिलाया तो वह नहीं उठे। श्वेता ने इसकी जानकारी सास होशियारी देवी और ससुर कृष्णलाल पंवार को दी। वे सुनील पंवार को लेकर पानीपत के एक निजी अस्पताल में पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवहन मंत्री के छोटे बेटे सुनील पंवार की मौत की सूचना मिलते ही भाजपा और आसपास के लोग अल सुबह ही मंत्री के शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि सुनील पंवार को दो बच्चे हैं। एक का नाम निश्चय और दूसरे का नाम लोकी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के सुपुत्र सुनील कुमार की अंत्येष्टि में शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, खाद्य आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, विधायक श्याम सिंह राणा, स्थानीय विधायक महिपाल ढांडा, रोहिता रेवड़ी, समालखा विधायक रविंद्र मच्छरौली, सफीदों विधायक जयवीर देशवाल, बहादुरगढ़ विधायक दिनेश कौशिक, एमएलए घनश्याम सर्राफ, समालखा, अनुसूचित जाति वित्त निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, खादी बोर्ड के चेयरमैन संजय भाटिया, हैफेड चेयरमैन हरविंद्र कल्याण, गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला, भाजपा जिला प्रधान प्रमोद विज, मेयर सुरेश वर्मा, रोहतक मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश, एडवोकेट विजयपाल, मंडल अध्यक्ष महावीर भागर्व, वीरेंद्र तनेजा, गोविंद पहलवान, अजमेर सिंह, पार्षद अशोक कटारिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, प्रदेश सचिव सुप्रिया रत्न, पार्षद दुष्यंत भट्ट, परिवहन मंत्री के भाई रोहताश पंवार आदि मौजूद रहे।