हरियाणा के पानीपत क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बच्ची का आरोपी ने पहले मुंह दबाया और फिर गला। बच्ची की जान नहीं निकली तो उसके सिर पर ईंट से वार किया और तब तक मारता रहा, जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई। पुलिस ने आरोपी प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया है और बुधवार को कोर्ट में पेश कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
बच्ची 12 दिसंबर को लापता हो गई थी, 13 दिसंबर को परिजनों ने अपहरण का केस दर्ज कराया। 14 दिसंबर को आरोपी ने बच्ची के चाचा को उसका शव मिलने की सूचना दी। चाचा ने पुलिस के पास कॉल किया और शव के बारे बताया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। तब पुलिस के शक की सुई उस पर घूम गई। मंगलवार को उसे काबू कर लिया गया।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है, उसके दो बच्चे हैं। वह एक फैक्टरी में मजूदरी करता है और जमानत पर बाहर था। समालखा थाना में उस पर चोरी के दो केस दर्ज हैं।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पहले 365 की रिपोर्ट दर्ज की थी। शव मिलने के बाद 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था। वहीं पोस्टमार्टम के बाद आरोपी पर पोक्सो एक्ट छह भी जोड़ा गया।
करनाल रेंज आईटी ममता सिंह ने रविवार को पानीपत में वारदात स्थल का जायजा लिया था। इसके बाद एएसपी पूजा वशिष्ठ के नेतृत्व में एसपी ने एसआईटी गठित कर दी थी। जिसमें डीएसपी समालखा, तीनों सीआईए प्रभारी, समालखा थाना प्रभारी और एफएसएल इंचार्ज समेत 120 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि पुलिस की तरफ से आरोपी पर रखी गई दो लाख रुपये की इनाम राशि के लिए डीजीपी को पत्र लिखा जाएगा। आदेश आने के बाद इनाम राशि को टीम को दी जाएगी।
1. जोगी समाज के प्रधान ने एक लाख रुपये का इनाम
2. गांव के सरपंच की ओर से 21 हजार रुपये का इनाम
इस वारदात के बाद गांव के ही एक युवक का वीडियो सामने आया था। इसमें वह हथियार दिखाते हुए कह रहा था कि जिसने मेरी छोटी बहन की हत्या की है, उसे गांव के चौक पर खड़ा कर गोली मारूंगा। आरोपी का नाम बताने वाले को वह अपनी एक किला जमीन देगा। पुलिस अब इस मामले की जांच में भी जुटी है।
मासूम के हत्यारोपी के पकड़े जाने पर शहर के लोगों ने मंगलवार की रात आठ बजे कैंडल मार्च निकाला। अनाजमंडी ने कोर्ट तक यह कैंडल मार्च निकालकर इन्होंने बच्ची के परिवार के साथ संवेदनाएं वक्त कीं और हत्यारोपी को फांसी दिए जाने की मांग की गई। उन्होंने यह भी मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो।
जोगी समाज हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष उमेश सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार करने पर पानीपत पुलिस और एसपी शशांक कुमार सावन को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई करे।
आरोपी को समालखा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है, बुधवार को पूछताछ के लिए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर आगामी पूछताछ की जाएगी। जिस ईंट से आरोपी ने हत्या की है, उसे बरामद कर लिया गया है, उसे जांच के लिए मधुबन लैब भेजा गया है। - पूजा वशिष्ट, एएसपी, पानीपत।